16 अक्टूबर 2025 को 09:11 pm बजे
8 views

‘वाइब्रेंट इंडिया मीट’ में बीएचयू को फर्स्ट प्राइज़, डॉ. समरेन्द्र कुमार सिंह ने किया प्रतिनिधित्व

‘वाइब्रेंट इंडिया मीट’ में बीएचयू को फर्स्ट प्राइज़, डॉ. समरेन्द्र कुमार सिंह ने किया प्रतिनिधित्व

दिल्ली हाट में आयोजित “वाइब्रेंट इंडिया मीट – 2025” में काशी हिंदू विश्वविद्यालय ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति के दम पर उच्च शिक्षा संस्थानों की श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीएचयू की ओर से स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी के सहायक प्राध्यापक डॉ. समरेन्द्र कुमार सिंह ने विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया।
वाराणसीः एन.एन.एस. मीडिया समूह द्वारा पी.एस.ई. डेवलप्मेंट एंड एचिवमेंट के संयुक्त तत्वाधान में दिल्ली हाट में 11 से 13 अक्टूबर तक “वाइब्रेंट इंडिया मीट – 2025” का आयोजन किया गया। इस प्रतिष्ठित आयोजन में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय को भागीदारी हेतु आमंत्रित किया था।

बीएचयू की प्रस्तुति की गुणवत्ता और विषयवस्तु के आधार पर विश्वविद्यालय को उच्च शिक्षा संस्थानों की श्रेणी में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी के सहायक प्राध्यापक डॉ. समरेन्द्र कुमार सिंह ने किया।

कार्यक्रम में बीएचयू की भागीदारी की योजना और रूपरेखा तैयार करने हेतु चिकित्सा विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. एस. एन. शंखवार की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया था। इसमें प्रो. आशीष बजपेयी (निदेशक, प्रबंधन संस्थान), प्रो. यू. पी. सिंह (निदेशक, कृषि विज्ञान संस्थान) तथा डॉ. समरेन्द्र कुमार सिंह सदस्य के रूप में और विज्ञान संस्थान के उप कुलसचिव डॉ. पुष्यमित्र त्रिवेदी सचिव के रूप में शामिल थे।

Article image

समिति द्वारा तैयार की गई प्रस्तुति में बीएचयू की राष्ट्रीय अनुसंधान, नवाचार और संसाधन सशक्तीकरण से जुड़ी उल्लेखनीय उपलब्धियों को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया। इसमें राष्ट्रीय वृद्धावस्था केंद्र, केंद्रीय अन्वेषण केंद्र, साथी, अटल इन्क्यूबेशन सेंटर और बायोनेस्ट जैसी संस्थाओं की उपलब्धियों को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। साथ ही कृषि एवं पशु चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्रों में विश्वविद्यालय की उपलब्धियों को मौखिक और पोस्टर प्रस्तुति के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।