6 नवंबर 2025 को 05:26 pm बजे
7 views

बीएचयू के वैद्य ज्योति शंकर त्रिपाठी को मिलेगा धन्वंतरि सम्मान 2025

बीएचयू के वैद्य ज्योति शंकर त्रिपाठी को मिलेगा धन्वंतरि सम्मान 2025

भारतीय आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किए जाएंगे

वाराणसीः काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी के कायचिकित्सा (आंतरिक चिकित्सा) विभाग के प्रोफेसर एवं पूर्व विभागाध्यक्ष प्रोफेसर ज्योति शंकर त्रिपाठी को “धन्वंतरि सम्मान 2025” के लिए चयनित किया गया है। यह सम्मान कुरुक्षेत्र गुरुकुलम फाउंडेशन, नई दिल्ली की ज्यूरी द्वारा प्रदान किया जाएगा।

यह सम्मान उन्हें भारतीय आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में किए गए उनके उत्कृष्ट शोध कार्य और विशिष्ट योगदान के लिए दिया जा रहा है। प्रोफेसर त्रिपाठी भारतीय मानसिक स्वास्थ्य अकादमी (Indian Academy of Mental Health) के अध्यक्ष हैं और आयुर्वेदिक मनोरोग विज्ञान एवं मनोदैहिक चिकित्सा (Psychosomatic Medicine) के अग्रणी विशेषज्ञ माने जाते हैं।

उन्हें यह सम्मान 16 नवम्बर 2025 को होटल हयात, जनकपुरी, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले “कुरुक्षेत्र धर्मोत्सव” के अवसर पर प्रशस्ति पत्र और पदक के रूप में प्रदान किया जाएगा।

प्रोफेसर त्रिपाठी को विश्व के विभिन्न देशों में आयोजित अनेक अंतरराष्ट्रीय कार्यशालाओं और संगोष्ठियों में मुख्य वक्ता, मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जा चुका है। उन्हें इससे पूर्व चारक श्री, आयुर्वेद भूषण, आयुर्वेद मार्तंड, और मालवीय आरोग्य सम्मान सहित कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जा चुका है।

अपने प्रशासनिक, शैक्षणिक और सामाजिक कौशल के लिए प्रसिद्ध प्रोफेसर त्रिपाठी को उनके क्षेत्र में एक गंभीर विद्वान और कुशल विशेषज्ञ के रूप में जाना जाता है।

उनके चयन पर विभागाध्यक्ष प्रोफेसर राजेन्द्र प्रसाद, डॉ. अजय पांडेय, और प्रोफेसर विवेकानंद तिवारी (अखिल भारतीय सरस्वत परिषद के अध्यक्ष) ने उन्हें हार्दिक बधाई दी है।