India
काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय में शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन

वाराणसी: काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) के वाणिज्य संकाय में शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में एक गरिमामय एवं भव्य समारोह का आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम का सफल संयोजन डॉ. वंदना श्रीवास्तव द्वारा किया गया और संपूर्ण आयोजन संकाय प्रमुख एवं विभागाध्यक्ष प्रो. एच. के. सिंह के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर वाणिज्य संकाय के पूर्व संकाय प्रमुख व विभागाध्यक्ष एवं सेवानिवृत शिक्षक प्रो. ए. आर. त्रिपाठी, प्रो. ओ. पी. राय, प्रो. प्रशांत कुमार एवं प्रो. एस. पी. अग्रवाल विशिष्ठ अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों एवं संकाय प्रमुख द्वारा भारतरत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत संकाय के वरिष्ठ शिक्षकों को स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया और विद्यार्थियों ने अपने गुरुओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद करते हुए बी एच यू के कुलपति से भारत के राष्ट्रपति तक के जीवन यात्रा का उल्लेख किया। इसके अलावा उन्होंने जीवन में चरित्रवान, ज्ञानवान और दूसरों से बेहतर होने की शिक्षा दी। उन्होंने कहा कि बी एच यू से जुड़ाव एक गर्व का विषय है।
इस अवसर पर मंच पर उपस्थित वरिष्ठ प्राध्यापकों ने बीएचयू परिसर में व्यतीत किए अपने दशकों पुराने अनुभव और यादें साझा की और उन्हें ईमानदारी, समर्पण व निरंतर परिश्रम के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया और कहा कि आचार्य और छात्र का संबंध जीवन भर के लिए है और विद्यार्थी अपने व्यवहार, चरित्र से विश्वविद्यालय का नाम रोशन करें।
समारोह में विद्यार्थियों ने गायन, नृत्य, कविता तथा बांसुरी वादन की रचनात्मक प्रस्तुति की। तत्पश्चात संकाय के सभी प्राध्यापकों को उनके उत्कृष्ट अकादमिक योगदान एवं समर्पित सेवाओं के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह का सफल मंच संचालन प्रवक्ता अनुराग और दीक्षा ने किया। समारोह में वरिष्ठ अध्यापक प्रो अखिल मिश्रा, प्रो. एफ• बी• सिंह समेत अन्य अध्यापकों और छात्र छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया। समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
