Health
लोहता में निःशुल्क बुनकर स्वास्थ्य जांच शिविर 20 सितंबर तक रहेगा जारी, उठाएं लाभ







वाराणसी: बुनकर समुदाय को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्रीज (CII) एवं इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (IMS), बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के संयुक्त तत्वावधान में लोहता, वाराणसी में 16 से 20 सितंबर 2026 तक निःशुल्क बुनकर स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
शिविर में IMS, BHU के जनरल मेडिसिन, ईएनटी, नेत्र रोग, प्रसूति एवं स्त्री रोग, सामुदायिक चिकित्सा, रेस्पिरेटरी मेडिसिन तथा ऑर्थोपेडिक्स सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा बुनकर समुदाय के लोगों की स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श किया जा रहा है। इसके साथ ही फैकल्टी ऑफ डेंटल साइंसेज के चिकित्सकों, पीजी विद्यार्थियों एवं इंटर्न्स द्वारा भी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
शिविर में नेत्र रोग विभाग से डॉ. दीपक मिश्रा, प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग से डॉ. ममता, सामुदायिक चिकित्सा विभाग से डॉ. अभिषेक जायसवाल एवं डॉ. रवि पाटीदार तथा ऑर्थोपेडिक्स विभाग से डॉ. आलोक राय एवं डॉ. रतनदीप दास सहित विभिन्न विभागों के चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। वहीं, फैकल्टी ऑफ डेंटल साइंसेज से डॉ. राजेश बंसल एवं उनकी टीम द्वारा दंत स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
शिविर में बुनकर समुदाय की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न रोगों की जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, दंत एवं नेत्र स्वास्थ्य सेवाएं तथा स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसका उद्देश्य बुनकर समुदाय तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, रोगों की समय पर पहचान एवं उनकी रोकथाम के प्रति जागरूक करना है।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय वित्त मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना, AIIMS नई दिल्ली के पूर्व निदेशक प्रो. डॉ. रणदीप गुलेरिया, CII की उप महानिदेशक (DDG) सुश्री अमिता सरकार, जिलाधिकारी वाराणसी श्री शतेंद्र कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, वाराणसी डॉ. एन. पी. सिंह तथा IMS, BHU के निदेशक प्रो. डॉ. एस. एन. शंखवार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
CII एवं IMS, BHU की यह संयुक्त पहल बुनकर समुदाय के लिए सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। इस पहल के माध्यम से समुदाय के लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञताओं से संबंधित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कार्यक्रम के आयोजन एवं समन्वय में प्रो. एस. पी. मिश्रा, डॉ. अभिषेक जायसवाल (आउटरीच सेल टीम) एवं सुश्री रोचना मित्रा (CII) सहित संबंधित टीम के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
