Edit
डॉ. देवेश प्रकाश यादव, पेट के डॉक्टर

डॉ. देवेश प्रकाश यादव, पेट के डॉक्टर

Health

"हेपेटाइटिस को जानें, समय पर पहचानें, उपचार अपनाएँ"

July 28, 2026
0 views

विश्व हेपेटाइटिस दिवस–2026

"हेपेटाइटिस को जानें, समय पर पहचानें, उपचार अपनाएँ"

स्थान: समिति कक्ष, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग, शताब्दी सुपर स्पेशियलिटी भवन, सर सुन्दरलाल चिकित्सालय, चिकित्सा विज्ञान संस्थान, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी
दिनांक: 27 जुलाई, 2026

विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर 28 जुलाई 2026 को काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के चिकित्सा विज्ञान संस्थान स्थित सर सुन्दरलाल चिकित्सालय के गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के अंतर्गत संचालित मॉडल ट्रीटमेंट सेंटर (MTC), नेशनल वायरल हेपेटाइटिस कंट्रोल प्रोग्राम (NVHCP) द्वारा व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

विश्व हेपेटाइटिस दिवस का उद्देश्य वायरल हेपेटाइटिस के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, समय पर रोग की पहचान, उचित उपचार एवं रोकथाम के उपायों को जन-जन तक पहुँचाना तथा भारत सरकार के वर्ष 2030 तक वायरल हेपेटाइटिस उन्मूलन के लक्ष्य को साकार करने में जनसहभागिता सुनिश्चित करना है।

गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के अंतर्गत संचालित मॉडल ट्रीटमेंट सेंटर दिनांक 14 सितम्बर 2020 से नेशनल वायरल हेपेटाइटिस कंट्रोल प्रोग्राम के अंतर्गत निरंतर कार्यरत है। यह केन्द्र पूर्वांचल एवं आसपास के जिलों के हेपेटाइटिस-बी एवं हेपेटाइटिस-सी से प्रभावित मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, पंजीकरण, उपचार, फॉलो-अप, वायरल लोड परीक्षण हेतु परामर्श तथा भारत सरकार की राष्ट्रीय गाइडलाइन के अनुरूप समग्र उपचार सेवाएँ उपलब्ध करा रहा है।

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. देवेश प्रकाश यादव ने बताया कि वायरल हेपेटाइटिस को "साइलेंट किलर" भी कहा जाता है क्योंकि अधिकांश मरीजों में प्रारम्भिक अवस्था में कोई विशेष लक्षण दिखाई नहीं देते। समय पर पहचान एवं उपचार न होने पर यह बीमारी लिवर सिरोसिस, लिवर फेल्योर तथा लिवर कैंसर जैसी गंभीर एवं जानलेवा जटिलताओं का कारण बन सकती है।

उन्होंने बताया कि हेपेटाइटिस-बी का प्रभावी टीका उपलब्ध है तथा हेपेटाइटिस-सी का पूर्ण उपचार संभव है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को जोखिम होने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए तथा चिकित्सक की सलाह के अनुसार जांच एवं उपचार कराना चाहिए। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे हेपेटाइटिस के प्रति जागरूक बनें तथा समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने में सहयोग करें।

मॉडल ट्रीटमेंट सेंटर की स्थापना के बाद से प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में मरीजों का पंजीकरण एवं उपचार किया गया है। वर्षवार पंजीकृत मरीजों का विवरण निम्नवत् है—

हेपेटाइटिस-बी (HBV) पॉजिटिव मरीज

वर्ष| संख्या
2020 (14 सितम्बर–31 दिसम्बर)-412
2021-1623
2022-1070
2023-1006
2024-1232
2025-2220
2026- (27 जुलाई तक)-851

कुल पंजीकृत हेपेटाइटिस-बी मरीज: 8,414

हेपेटाइटिस-सी (HCV) पॉजिटिव मरीज

वर्ष| संख्या
2020 (14 सितम्बर–31 दिसम्बर)-45
2021-314
2022-468
2023-437
2024-439
2025-716
2026 (27 जुलाई तक)-289

कुल पंजीकृत हेपेटाइटिस-सी मरीज: 2,708

हेपेटाइटिस के प्रमुख लक्षण

- अत्यधिक थकान एवं कमजोरी
- भूख कम लगना
- मतली या उल्टी
- पेट के दाहिने ऊपरी भाग में दर्द
- पीलिया (आँखों एवं त्वचा का पीला पड़ना)
- गहरे रंग का मूत्र
- जोड़ों में दर्द
- लगातार अस्वस्थता

हेपेटाइटिस से बचाव

- जन्म के 24 घंटे के भीतर प्रत्येक नवजात को हेपेटाइटिस-बी का टीका अवश्य लगवाएँ।
- केवल स्टेराइल एवं नई सुई का प्रयोग करें।
- संक्रमित रक्त या असुरक्षित रक्ताधान से बचें।
- व्यक्तिगत रेज़र, टूथब्रश एवं नेलकटर साझा न करें।
- सुरक्षित यौन व्यवहार अपनाएँ।
- टैटू एवं शरीर छिदवाने के लिए केवल स्वच्छ एवं प्रमाणित संस्थान का चयन करें।
- चिकित्सकीय सलाह के अनुसार समय-समय पर हेपेटाइटिस-बी एवं हेपेटाइटिस-सी की जांच कराएँ।
- शराब एवं अन्य यकृत को नुकसान पहुँचाने वाले पदार्थों से बचें तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाएँ।

विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मरीजों एवं उनके परिजनों को वायरल हेपेटाइटिस की रोकथाम, समय पर पहचान, उपचार, टीकाकरण तथा नियमित फॉलो-अप के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही हेपेटाइटिस से संबंधित भ्रांतियों का वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर निराकरण किया जाएगा तथा वर्ष 2030 तक "हेपेटाइटिस मुक्त भारत" के लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु सभी नागरिकों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया जाएगा।

इस अवसर पर विभाग के डॉ. एस. के. शुक्ला (सह आचार्य), डॉ. अनुराग तिवारी (सहायक आचार्य), डॉ. विनोद कुमार (सहायक आचार्य) एवं डॉ. ब्रजेश कुमार पाण्डेय (चिकित्सा अधिकारी) सहित विभाग के चिकित्सक, रेजिडेंट डॉक्टर, नर्सिंग अधिकारी एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहेंगे।

संपर्क सूत्र

डॉ. देवेश प्रकाश यादव - 9453888056

टिप्पणियाँ (Comments)

एक टिप्पणी जोड़ें

कमेंट करने के लिए लॉगिन करें