Health
"औषध विकास अनुसंधान " से सम्बन्धित वैज्ञानिक सलाहकार समूह में प्रोफेसर आनन्द चौधरी नामित

वाराणसी, 12.11.2026। काशी हिंदू विश्वविद्यालय, चिकित्सा विज्ञान संस्थान, आयुर्वेद संकाय के रस शास्त्र एवं भैषज्य कल्पना विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रोफेसर आनन्द चौधरी को भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने केन्द्रीय आयुर्वेदीय विज्ञान अनुसंधान परिषद में औषधि विकास अनुसंधान के वैज्ञानिक सलाहकार समूह में 05 नवंबर 2026 से 04 नवंबर 2029 तक , तीन वर्ष के लिये नामित किया गया है।
नयी दिल्ली से इस आशय का ईमेल कल देर शाम को प्रोफेसर आनन्द चौधरी को प्राप्त हुआ है।
प्रोफेसर आनन्द चौधरी ने आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा एवं सी सी आर ए एस के महा निदेशक प्रोफेसर आर एन आचार्य का आभार व्यक्त करते हुये, विश्वास व्यक्त किया कि वे अपनी पूरी क्षमता से आयुर्वेदीय औषधियों के मानकीकरण एवं गुणवत्ता निर्धारण की दिशा में समर्पित होंगे। साथ ही आयुर्वेदीय रसौषधियों के सन्दर्भ में व्याप्त भ्रम की स्थिति के निराकरण का भी प्रयास करेंगें।
साथ ही, प्रोफेसर चौधरी का मानना है कि अब समय आ गया है कि आयुर्वेद की वैश्विक मान्यता के अनुरूप कुछ नए आयुर्वेदीय औषध-योग एवं कल्प विकसित किए जाएँ। मैं भारत सरकार का ध्यान इस युगानुरूप समीकरण की ओर आकर्षित करूँगा।
प्रोफेसर आनन्द चौधरी के वैज्ञानिक सलाहकार समूह में नामित होने पर आयुर्वेद संकाय प्रमुख प्रोफेसर के एन मूर्ति ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्रोफेसर चौधरी की विशेषज्ञता एवं अनुभव से भारत सरकार लाभान्वित होगी।
