डॉ. नवमीत नव की कलम से

हेल्थ टिप्स- 3
वजन घटाने और बढाने के लिए क्या करना चाहिए?
हमारे शरीर का वजन मूलतः तीन चीजों का होता है। हड्डियों का। मांसपेशियों का। वसा यानि चर्बी का।
हड्डियों का वजन एक जैसा रहता है।
मांसपेशियों का व चर्बी का वजन घटाया बढ़ाया जा सकता है।
हमारा मकसद होना चाहिए कि शरीर में चर्बी का वजन कम से कम हो और मांसपेशियों का ज्यादा से ज्यादा।
अतः चर्बी घटानी है और मांसपेशियां बढ़ानी हैं।
अब सवाल उठता है कि कैसे?
सबसे पहले वजन घटाने पर। यानि चर्बी घटाने पर। मोटे तौर पर हम यह समझ सकते हैं कि जो भी अतिरिक्त कैलोरी हम ग्रहण करते हैं, उसे हमारा शरीर चर्बी में बदल कर स्टोर कर लेता है ताकि बुरे वक्त में (यानि कैलोरी की कमी होने पर) काम आ सके। तो इससे हमें यह पता चलता है कि सबसे पहले तो हमें अतिरिक्त कैलोरी नहीं लेनी है। दूसरा यह कि जितनी जरूरत है उससे कम कैलोरी लेनी है ताकि शरीर जमा चर्बी को प्रयोग करके कैलोरी की भरपाई कर सके और चर्बी कम हो सके। साथ में हमें कुछ कैलोरी को ज्यादा शारीरिक श्रम करके जलाना भी पड़ेगा। तो इससे क्या निकल कर आता है? यह कि आवश्यकता से कम कैलोरी ग्रहण करते हुए शारीरिक श्रम बढाना है। तो भोजन में कैलोरी वाले खाद्यों की मात्रा कम कर दीजिए। अनाज, घी, तेल कम कर दीजिए। मीठा बिलकुल छोड़ दीजिए। बाजारू व जंक फूड जैसे टिक्की, बर्गर, पिज़्ज़ा, समोसा, पकौड़ा, परांठे, मिठाई, चिप्स, कुरकुरे, नमकीन, चॉकलेट, टॉफी आदि बिलकुल बंद कर दीजिए। पेट भरने के लिए कच्ची सब्जियाँ व फल ग्रहण कीजिए। थोड़ा थोड़ा करके 5-6 बार भोजन लीजिए। याद रखें। मीठा बंद, चिकनाई कम और नमक दिन में 5 ग्राम से अधिक नहीं। साथ में रोज कम से आधा घण्टा गहन व्यायाम कीजिए जिसमें वजन उठाया जाए। अगर आपको कोई मेटाबोलिक या हॉर्मोनल समस्या नहीं है तो यह रूटीन आपकी जरूर मदद करेगा। एक महत्वपूर्ण चीज जरूर याद रखें। चर्बी पूरे शरीर से एक साथ बराबर मात्रा में कम होती है। यह नहीं हो सकता कि आप सिर्फ पेट की चर्बी कम करना चाहें या सिर्फ कमर या कूल्हों की चर्बी खत्म करना चाहें तो वह हो जाएगा। नहीं। यह पूरे शरीर से टोटल फैट कम होगा। आपको बस अपने रूटीन पर कंसिस्टेन्ट रहना है और सब्र रखना है। अच्छे रिजल्ट एकदम से नहीं आते। महीनों या फिर किसी किसी में साल भी लग जाता है। एक अन्य महत्वपूर्ण चीज यह है कि आप टोटल कैलोरी कम ले रहे हैं तो इसका मतलब यह कतई नहीं कि आप खाना बिल्कुल ही छोड़ दें। आपको संतुलित भोजन लेना है।
अंत में एक और बात। किन्हीं नीम हकीमों के चक्कर में पड़कर उल्टी सीधी दवाएं या जड़ी बूटियां बिलकुल न खाएं। अगर हर कोशिश के बावजूद वजन नहीं घट रहा है तो डॉक्टर की सलाह लें।