बोकारो: आज आम आदमी पार्टी बोकारो द्वारा जिला संयोजक ज्योतिष कुमार के नेतृत्व में महात्मा गांधी चौक के समीप चीन के द्वारा भारतीय सैनिकों पर हुए हमले के खिलाफ प्रदर्शन किया।सामाजिक दूरी का ख्याल रखते हुए भारी बारिश के बीच कार्यकर्ताओं ने चीन के खिलाफ नारेबाजी की।
मौके पर पार्टी की ओर से जिला संयोजक ज्योतिष कुमार ने कहा कि आम आदमी पार्टी पूरे तरीके से देश और भारतीय सेना के साथ है। किसी कीमत पर हमारे सैनिकों की शहादत बेकार नहीं जानी चाहिए। चीन को मुँहतोड़ जवाब दिया जाना चाहिए और चीन के खिलाफ भारत को सख्त कार्यवाई करनी चाहिए।
मौके पर प्रदेश मीडिया सह प्रभारी कुमार राकेश ने कहा कि चीनी सैनिकों के साथ हुई खूनी झड़प में झारखंड के दो जवान – गणेश हांसदा एवं कुंदन ओझा समेत देश के 20 शहीद जवानों को आम आदमी पार्टी की ओर से उनके शौर्य को सलाम करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। केंद्र सरकार पर उन्होंने बार्डर की यथास्थिति पर पारदर्शिता नहीं बरतने एवं घण्टों तक बन्दी बनाये गए हमारे सैनिकों की खबर देश से छुपाने का आरोप भी लगाया।
पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवम् वरीय नेता हरेंद्र नाथ चोबे ने कहा कि देश पर अपनी जान न्योछावर करने वाले झारखंड के सपूतों के लिए राज्य सरकार द्वारा पूर्व की रघुवर सरकार की तरह ही 10 लाख रु के सम्मान राशि की घोषणा बहुत ही अनुचित है। यह राशि शहीद के परिवार के भरण पोषण के लिए भी नाकाफी है।
अतः आम आदमी पार्टी बोकारो यह माँग करती है कि दिल्ली सरकार के तर्ज पर झारखंड में भी शहीदों के परिवार को कम से कम 1 करोड़ रु सम्मान राशि दिया जाए। साथ ही उन्हें एक भू खण्ड सहित पक्का मकान एवं नौकरी प्रदान की जाए।
कार्यक्रम में शानू कश्यप,अरुण किशोर,मृणाल चौधरी,शंभू मिश्रा,आनंद कर्मकार,गणेश चन्द्र मुर्मू,गोपी शर्मा, पान बाबू मुर्मू,वैद्यनाथ रजक,माधव मांझी ,मकबूल अंसारी सहित अन्य लोग मौजूद थे।