मिर्जामुराद : इनदिनों पूरी दुनिया कोरोना महामारी से जूझ रही है, जिसने सीधेतौर पर आम जन-जीवन को प्रभावित किया है। यह महामारी महिला स्वास्थ्य के मुद्दे पर दोहरी मार जैसी है। ऐसे में आदर्श ग्राम नागेपुर में गुरुवार को सैकड़ों ग्रामीण किशोरियों और महिलाओं में पौष्टिक आहार और सेनेटरी पैड सहित सेनिटेशन किट वितरित की गयी।
लोक समिति और आशा ट्रस्ट की तरफ से चलाए जा रहे कोरोना राहत-कार्य के तहत डोनेटकार्ट हैदराबाद के सहयोग से गुरुवार को सैकड़ों गरीब और ज़रूरतमंद महिला और किशोरियों को राहत सामग्री वितरित की गई। नागेपुर बेनीपुर मेहदीगंज, सबलपुर,गनेशपुर, कुण्डरिया आदि गाँवों से आयी सैकड़ों किशोरियों और महिलाओं को पौष्टिक आहार और सेनिटेशन किट बाँटा गया। पौष्टिक आहार, सेनेटरी पैड व अन्य राहत सामग्री पाकर किशोरी लड़कियों के चेहरे खिल गए।
लोक समिति के संयोजक नन्दलाल मास्टर ने बताया कि गांव की गरीब और ज़रूरतमंद परिवारों की महिलाओं और किशोरियों के खास तैयार की गई इस राहत किट में सूखा राशन दाल, सोयाबीन, तेल,जूस, जैसी पौष्टिक सामग्री के साथ मास्क, सेनेटाइजर आदि को शामिल किया गया है। अब तक संस्था द्वारा चलाये जा रहे राहत कार्य से करीब 3500 गरीब और ज़रूरतमंद परिवार और 9000 से ज्यादा प्रवासी मज़दूरों तक राहत सामग्री पहुंचायी जा चुकी है। गाँव की लड़कियों महिलाओं द्वारा तैयार मास्क का करीब 6000 लोगों में निःशुल्क वितरण किया जा चुका है।उन्होंने बताया कि आराजी लाइन और सेवापुरी ब्लाक के दर्जनों गाँवो में 10 सितम्बर तक लड़कियों और महिलाओं में राहत सामग्री वितरित की जायेगी।
वितरण कार्यक्रम में मुख्यरूप से सोनी, अनीता, आशा, नन्दलाल मास्टर, वर्षा, खुशबू, चन्द्रकला, सीमा, मधुबाला, अमित,रामबचन,मनजीता,शमा बानो,सीमा,श्यामसुन्दर,सुनील मास्टर और पंचमुखी आदि शामिल रहे।