रांची: कोरोना वायरस के लगातार बढ़ते जा रहे मामलों के बीच झारखण्ड में कोरोना के 7 नये मामले सामने आये हैं। ये सभी 7 मामले राज्य के राजधानी रांची के हैं। इस नये मामलों में 6 हिंदपीढ़ी तथा एक मामला रांची के बेड़ो प्रखंड का है। इसके साथ ही राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर कुल 56 हो गयी है।
बताते चलें कि झारखंड में कोरोना से अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है और अब तक यहां से 8 लोग ठीक होकर घर लौट चुके हैं। उल्लेखनीय है कि राजधानी रांची का हिंदपीढ़ी इलाका को कोरोना का हॉटस्पॉट बनाया गया है। यहां से अब तक कोरोना के 34 केस सामने आ चुके हैं। वहीं रांची के बेड़ो से कोरोना का यह दूसरा मामला है।
23 अप्रैल तक झारखंड में कुल 283 कोरेाना टेस्ट हुए हैं, जिसमें 276 निगेटिव और 7 पॉजिटिव मामले आये हैं। झारखंड में 8 लोग ठीक होकर घर भेजे गये हैं। राज्य में कोरोना के जो मामले अभी तक आये हैं उसमें राजधानी रांची से 36, बोकारो में 10, हजारीबाग में 3, धनबाद में दो, गिरिडीह में 1, सिमडेगा में दो, कोडरमा में एक, देवघर में एक और गढ़वा में एक केस शामिल है।
गौरतलब है कि 22 अप्रैल को भी राज्य में कोरोना के 4 नये मामले आये थे। जिसमें राजधानी रांची के कोरोना हॉटस्पॉट हिंदपीढ़ी से तीन और गढ़वा जिला से एक मामला सामने आया था।
विदित हो कि झारखण्ड में कोरोना का पहला मामला रांची के हिंदपीढ़ी में सामने आया था। उक्त पहला केस मलेशियाई महिला में पाया गया था, जिसका संबंध जमात से बताया गया है।
इस बीच झारखंड को कोरोना के खिलाफ जंग में बड़ी राहत तब मिली जब खबर आयी कि राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी से एक ही परिवार के चार लोग ठीक होकर घर लौट गये हैं। रिम्स में भर्ती हिंदपीढ़ी के चारों (एक ही परिवार के) को 22 अप्रैल को देर रात छुट्टी दे दी गयी। जिसमें एक बच्चा भी शामिल है। इसी परिवार के दो लोगों (माता-पिता) की मौत कोरोना के कारण हो चुकी है। पिता की मौत 12 अप्रैल को, जबकि मां की मौत 21 अप्रैल हो हुई। जबकि मां की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आयी थी।
——————————-
विशद कुमार